राजोद (धार) में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर कोई भी विश्वास नहीं कर पाएगा। शादी की आस में बैठे एक युवक को रिश्ता, प्यार और सात फेरे सब कुछ फर्जी निकला। आरोप है कि दुल्हन बनकर आई अनीता पांड्या ने और उसके साथियों ने मिलकर सवा चार लाख रुपये ऐंठे और महज आठ दिन में धरा का धरा छोड़ दिया।
युवक उमेश मदारिया की दुनिया पल भर में उजड़ गई, जब आठ दिन तक साथ रहने के बाद उसकी ‘पत्नी’ गायब हो गई। मामला इतना सुनियोजित था कि युवक को पहली नजर में धोखा समझ ही नहीं आया।
राजोद पुलिस ने धोखाधड़ी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों अनीता पांड्या, भूरीबाई पांड्या, रवि बरोर और उमेश मारू के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि यह कोई आम ठगी नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुनियोजित साजिश है।
जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को खरगोन में शपथ पत्र तैयार किया गया और चिंतामन गणेश मंदिर में शादी की रस्म पूरी की गई। इसके बाद अनीता पांड्या केवल आठ दिन तक ही फरियादी के घर रही और फिर भूरीबाई पांड्या व रवि बरोर के साथ फरार हो गई।
पुलिस अब आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। सवाल ये है क्या यह सिर्फ एक अकेले युवक की कहानी है, या हमारी समाज में छिपी ऐसी साजिशों का आईना?







