महाराष्ट्र की सियासत में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। सत्ता के गलियारों से आ रही खबरों ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। अजित पवार की आकस्मिक मौत के बाद खाली हुए उपमुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा फैसला लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हो गई हैं। कहा जा रहा है कि शनिवार को एनसीपी विधायक दल की बैठक के तुरंत बाद इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा। अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा, तो शाम करीब 5 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण हो सकता है।
अजित पवार के पास डिप्टी सीएम के साथ-साथ वित्त, आबकारी और खेल जैसे अहम विभाग थे। हालांकि, संकेत मिल रहे हैं कि वित्त मंत्रालय फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने पास ही रख सकते हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह वर्षा बंगले में एक अहम बैठक हुई, जिसमें प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे शामिल हुए। यह मीटिंग करीब आधे घंटे चली, लेकिन बाहर निकलते नेताओं के चेहरे कई सवाल छोड़ गए।
इस बीच, एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित मर्जर को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि अजित पवार इस मर्जर पर अंतिम दौर की बातचीत कर रहे थे, लेकिन अब इस पर आखिरी फैसला शरद पवार के हाथ में होगा।
एनसीपी शरद गुट के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से ने ANI से बातचीत में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि दोनों गुटों का एक साथ आना तय है और मर्जर का फैसला पहले ही हो चुका था।
अब सवाल यही है क्या सुनेत्रा पवार की एंट्री से सत्ता का समीकरण बदलेगा? क्या पवार परिवार एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति के केंद्र में होगा? और क्या एनसीपी का दो फाड़ हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा? इन सभी सवालों के जवाब शायद आज शाम तक मिल जाएं।







