श्रद्धा और सेवा का ऐसा संगम, जो ओंकारेश्वर में पहली बार देखने को मिलेगा। अब जो भी श्रद्धालु रक्तदान करेगा, उसे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के वीआईपी दर्शन बिल्कुल मुफ्त में कराए जाएंगे। जी हां, आस्था के साथ मानवता की सेवा को जोड़ने की यह अनोखी पहल जल्द ही ज़मीन पर उतरने वाली है।
एक महीने में शुरू होगी व्यवस्था, काशी–तिरुपति–शिर्डी की तर्ज पर होगा सिस्टम
ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट और रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से मंदिर क्षेत्र में ब्लड डोनेशन यूनिट शुरू की जाएगी। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने साफ निर्देश दिए हैं कि यह पूरी व्यवस्था एक महीने के भीतर चालू की जाए। खास बात यह है कि काशी विश्वनाथ, तिरुपति बालाजी और शिर्डी जैसे बड़े तीर्थस्थलों पर यह मॉडल पहले से सफलतापूर्वक चल रहा है।
अब ओंकारेश्वर में भी जो श्रद्धालु रक्तदान करेगा, उसे लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और सीधे वीआईपी पास के जरिए बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। यह पहल न सिर्फ ब्लड बैंक की कमी को दूर करेगी, बल्कि समाज को यह संदेश भी देगी कि दान सिर्फ धन का नहीं, रक्त का भी होता है।







