छुई निकालने गई थीं महिलाएं और बच्चियां, पलभर में उजड़ गया पूरा गांव
रविवार दोपहर सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोहर गांव में ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। रोज़मर्रा की जरूरत के लिए खदान से छुई निकालने गई महिलाएं और बच्चियां यह नहीं जानती थीं कि यह सफर उनकी ज़िंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
दोपहर करीब 1:21 बजे अचानक खदान की मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर धंस गया। देखते ही देखते वहां मौजूद लोग मिट्टी के नीचे दब गए। चीख-पुकार मच गई, लेकिन हादसा इतना अचानक था कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला।
इस दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय प्रीति सिंह और 16 वर्षीय बसंती की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चियां ग्राम हरहवा की रहने वाली थीं। वहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बेनल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक बच्चियों के परिजनों को रेडक्रास फंड से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
परसोहर गांव में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है और हर सवाल एक ही है—क्या इस त्रासदी को रोका जा सकता था?








