मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की सुवासरा तहसील में उस समय हड़कंप मच गया जब लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी हरीश पाटीदार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई लोकायुक्त उज्जैन की टीम द्वारा की गई, जिसने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा।
सूत्रों के अनुसार, पटवारी द्वारा एक राजस्व संबंधी कार्य के बदले फरियादी से 30 हजार रुपये की मांग की गई थी। फरियादी ने रिश्वत देने के बजाय लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और तय स्थान पर जैसे ही पटवारी ने राशि स्वीकार की, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
नोटों पर लगा था केमिकल, हाथ धोते ही खुली पोल
बताया जा रहा है कि लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि पर विशेष केमिकल लगाया था। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए और टीम ने उसे पकड़ा, उसके हाथ धुलवाए गए, जो केमिकल के कारण रंग बदल गए। इससे रिश्वत लेने की पुष्टि मौके पर ही हो गई।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







