शुक्रवार, 30 जनवरी की रात तक आते-आते गोल्ड और सिल्वर मार्केट में ऐसा उलटफेर देखने को मिला, जिसने निवेशकों को चौंका दिया। दिनभर मजबूत दिख रही कीमती धातुएं अचानक प्रॉफिट बुकिंग के दबाव में फिसल गईं। MCX पर रात 11:55 बजे तक चांदी में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। 26.53% टूटकर चांदी 1,06,092 रुपए लुढ़क गई और 1 किलो का भाव सीधे 2,93,801 रुपए पर आ गया। हैरानी की बात ये है कि इससे पहले कारोबारी सत्र में चांदी 3,99,893 रुपए के ऊंचे स्तर को छू चुकी थी।
सोने की कहानी भी इससे अलग नहीं रही। MCX पर सोना 20,323 रुपए यानी करीब 12% टूट गया। 10 ग्राम सोने का भाव 1,49,080 रुपए पर आ गया, जबकि पिछले सेशन में यही सोना 1,69,403 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इस तेज गिरावट का असर ETF बाजार पर भी दिखा, जहां गोल्ड और सिल्वर ETF में एक ही दिन में 23% तक की टूट दर्ज की गई।
कमोडिटी एक्सचेंज के बाद सर्राफा बाजार भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा। शुक्रवार को चांदी 40,638 रुपए सस्ती हो गई, जबकि सोने में 9,545 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी की कीमत घटकर 3,39,350 रुपए पर आ गई है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोना अब 1,65,795 रुपए के स्तर पर पहुंच गया है।
तेज उतार-चढ़ाव के इस दौर ने निवेशकों के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या ये गिरावट सिर्फ मुनाफावसूली का असर है, या कीमती धातुओं की कीमतों में आगे भी अस्थिरता बनी रहेगी? बाजार की अगली चाल पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं।







