जहां बजनी थीं शहनाइयां, वहां पसरा सन्नाटा
रीवा–मनगवां हाईवे पर रविवार का दिन खुशियों को लील लेने वाली एक भयावह त्रासदी लेकर आया। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के कोष्टा गांव के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में खुशियों की यात्रा मातम में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑडी कार की रफ्तार बेहद तेज थी, अनुमानतः 180 से 190 किलोमीटर प्रति घंटा। कार रीवा से मनगवां की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार सड़क पार करने या मोड़ लेने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से आई ऑडी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भागवत विश्वकर्मा निवासी चचाई सेमरिया, शिवम विश्वकर्मा और शीतल विश्वकर्मा निवासी रतहरा, रीवा के रूप में हुई है। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे।
इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतक भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम विश्वकर्मा की शादी 25 फरवरी को तय थी। भागवत अपने परिजनों के साथ बेटे की शादी का पहला निमंत्रण पत्र भगवान को चढ़ाने चिरौला मंदिर जा रहे थे। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहां अब मातम और आंसुओं का सन्नाटा है।
हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान और समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और ऑडी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरनाक अंजाम की चेतावनी बनकर सामने आया है—जहां एक पल की लापरवाही ने तीन जिंदगियों के साथ एक पूरे परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया।







