Home » Uncategorized » दूल्हे के बड़े भाई से चार लाख नकद और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार

दूल्हे के बड़े भाई से चार लाख नकद और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार

मुरैना। शहर में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं के बीच मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया। व्यस्त माधौपुरा पुलिया क्षेत्र में बारात की भीड़ और तेज साउंड के बीच बाइक सवार दो बदमाश दूल्हे के बड़े भाई से चार लाख रुपये और गहनों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना इस्लामपुरा की विजय सिंह वाली गली निवासी नितिन राठौर की शादी के दौरान हुई। रात करीब 11 बजे श्रीराम पैलेस में बारात पहुंची थी। घोड़ी पर बैठे दूल्हे के आसपास बारातियों की भीड़ थी और डीजे की तेज धुनों पर नाच-गाना चल रहा था। इसी बीच तोरण मारने और बरोना रखने की रस्म के लिए दूल्हे के बड़े भाई 50 वर्षीय रामसेवक राठौर बारात के पीछे खड़ी कार की ओर गए।

रामसेवक ने कार का दरवाजा खोलकर बरोना निकाला ही था कि अचानक काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके कंधे पर टंगा बैग छीन लिया। पलक झपकते ही दोनों बाइक सवार माधौपुरा पुलिया की दिशा में भाग निकले।

रामसेवक ने मदद के लिए शोर मचाया और कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन डीजे की तेज आवाज के कारण उनकी पुकार बारातियों तक नहीं पहुंच सकी। भीड़भाड़ और अफरातफरी के बीच बदमाश आसानी से फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार बैग में चार लाख दो हजार रुपये नकद, दुल्हन का मंगलसूत्र और कुछ अन्य गहने रखे थे। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई, लेकिन कोतवाली पुलिस करीब 11 घंटे बाद सुबह 10 बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी जैसे पारिवारिक समारोह में इस तरह की वारदात ने लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं।

Share This
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In IndiaDigital marketing for news publishers

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x