टी-20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर वही कहानी… और इस बार भी शिकारी बना इंग्लैंड! ग्रुप-2 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से रौंदते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटवा लिया। मैच आखिरी ओवरों तक सांसें रोक देने वाला रहा, लेकिन जब दबाव चरम पर था, तब इंग्लैंड ने दिखा दिया कि चैंपियन किसे कहते हैं। 2010 और 2022 की विजेता टीम ने लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाकर साफ कर दिया है ये कोई तुक्का नहीं, ये है क्लास, काबिलियत और किलर इंस्टिंक्ट! पाकिस्तान ने पूरी ताकत झोंकी, लेकिन अंत में वही हुआ जो अक्सर होता है उम्मीदें बड़ी, अंजाम फीका।
सुपर-8 में सन्नाटा, अब दुआओं पर टिका पाकिस्तान
दूसरी तरफ पाकिस्तान का सफर सुपर-8 में लगभग बेआवाज़ रहा। एक भी जीत नहीं। जी हां, एक भी नहीं!
अब हालत ये है कि टीम को न सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच जीतना होगा, बल्कि न्यूजीलैंड की हार के लिए भी आसमान की तरफ देखना पड़ेगा क्रिकेट मैदान पर रणनीति कम और किस्मत ज्यादा काम कर रही है और यही सबसे बड़ा तमाचा है। जब दूसरी टीमें दम दिखा रही हैं, पाकिस्तान समीकरणों के जाल में उलझा है। सवाल सीधा है क्या ये टीम दबाव झेलने के लिए बनी है या सिर्फ बड़े-बड़े दावे करने के लिए? इंग्लैंड ने बता दिया है कि सेमीफाइनल उनका हक है… अब देखना ये है कि पाकिस्तान आखिरी मैच में लड़ता है या फिर एक और अधूरी कहानी छोड़ जाता है।







