इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर तथाकथित “शादी के वादों” की आड़ में रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने अपने ही परिचित युवक रोहित मालवीय पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, रोहित उसके भाई का दोस्त था। घर आना-जाना था, पहचान थी, भरोसा था और उसी भरोसे को हथियार बना लिया गया। करीब पांच साल की जान-पहचान को आरोपी ने “रिश्ते” का नाम दिया, लेकिन इरादे कुछ और थे। आरोप है कि अक्टूबर 2021 में वह युवती को घुमाने के बहाने खजराना गणेश मंदिर ले गया। भगवान के दर पर माथा टेकने के बाद बाइक सीधे एक होटल के बाहर रुकी। वहां शादी का भरोसा, कसमें-वादे और फिर शारीरिक संबंध।
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। युवती का आरोप है कि अक्टूबर 2025 तक यह सिलसिला चलता रहा। हर बार शादी की बात उठी, हर बार नया बहाना मिला। और जब 12 जनवरी को उसने आखिरी बार जवाब मांगा तो फोन ब्लॉक। नंबर बंद। जिम्मेदारी से भागता “वादा करने वाला” प्रेमी गायब।
सबसे बड़ा सवाल अगर इरादा साफ था, तो पांच साल तक शादी की बात टालने की क्या मजबूरी थी? और अगर इरादा ही गलत था, तो क्या यह भावनाओं के साथ सुनियोजित खिलवाड़ नहीं?
जब आरोपी से संपर्क नहीं हो पाया, तो युवती ने पूरा सच अपने परिवार को बताया। परिवार के साथ लसूड़िया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
यह सिर्फ एक लड़की की कहानी नहीं, यह उस सोच पर तमाचा है जो “शादी” जैसे पवित्र शब्द को ढाल बनाकर किसी की भावनाओं और शरीर दोनों से खिलवाड़ करती है। अब देखना यह है कि रोहित मालवीय कानून से कब तक भागता है क्योंकि वादों से नहीं, अब सबूतों और धाराओं से सामना होगा।







