Home » Uncategorized » इंदौर पुलिस का चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त अभियान, शहर भर में अलर्ट

इंदौर पुलिस का चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त अभियान, शहर भर में अलर्ट

ब्रिज, मैदान, बाजार, हर जगह पुलिस की नजर, जनता से लिया गया सुरक्षा का संकल्प

इंदौर। मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा बन चुकी नायलॉन डोर और प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ इंदौर पुलिस ने शहरव्यापी मोर्चा खोल दिया है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के स्पष्ट निर्देश हैं, जनजागरूकता भी, सख्त कार्रवाई भी। इसी क्रम में पूरे नगरीय क्षेत्र में “SAY NO TO CHINESE MANJHA” विशेष अभियान पूरी सख्ती और संवेदनशीलता के साथ चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत सभी जोनों और थाना क्षेत्रों में पतंग की दुकानों, बाजारों और खुले मैदानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जहां कहीं भी पतंग उड़ाने की गतिविधि दिखाई दे रही है, वहां मौके पर पहुंचकर चेकिंग की जा रही है और लोगों को प्रतिबंधित मांझे के खतरनाक दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है।

खजराना क्षेत्र में अति पुलिस आयुक्त अमित सिंह और डीसीपी जोन-02 कुमार प्रतीक ने स्वयं दुकानों का निरीक्षण किया और आमजन से सीधा संवाद कर चाइनीज मांझे के उपयोग से होने वाले जानलेवा हादसों की जानकारी दी।
एमजी रोड थाना क्षेत्र के चिमनबाग मैदान में बच्चों और युवाओं के बीच पहुंचकर डीसीपी जोन-03 राजेश व्यास व एडीसीपी जोन-03 ने न सिर्फ जागरूक किया, बल्कि सभी से यह शपथ भी दिलवाई कि वे कभी प्रतिबंधित मांझे का उपयोग नहीं करेंगे और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देंगे।

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में पोस्टर और जनसंवाद के जरिए दुकानदारों को खरीदी-बिक्री व भंडारण पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई, वहीं खुले मैदानों में मिले पुराने मांझे को जलाकर नष्ट किया गया। तिलक नगर क्षेत्र में वर्ल्ड कप चौराहा सहित चिन्हित स्थानों पर सेफ्टी वायर, चेतावनी बैनर और स्टॉपर लगवाकर राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

तेजाजी नगर, एरोड्रम, गांधी नगर, सदर बाजार सहित कई थाना क्षेत्रों में पीए सिस्टम से लगातार अनाउंस कर लोगों को सतर्क किया गया।
राऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनोखी पहल करते हुए नियमों का पालन करने वाले दुकानदारों को फूल देकर सम्मानित किया, संदेश साफ था, सुरक्षा में सहयोग करने वाले हमारे साथी हैं

छोटी ग्वालटोली, हीरानगर, जूनी इंदौर, गांधीनगर और सेंट्रल कोतवाली क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर, पैदल मार्च, पीए सिस्टम और प्रत्यक्ष संवाद के जरिए लोगों को ब्रिज के आसपास पतंग न उड़ाने और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई।

इंदौर पुलिस का साफ संदेश है—
चाइनीज मांझा सिर्फ प्रतिबंधित नहीं, जानलेवा अपराध है।
यदि कहीं भी इसकी बिक्री, भंडारण या उपयोग की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
एक छोटी सी सूचना, कई जिंदगियां बचा सकती है।

Share This
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x