संजय सेतु ब्रिज पर महिला को उतारकर भागे ठग, CCTV खंगाल रही पुलिस
इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक महिला को ऑटो में बैठाकर चार शातिर ठगों ने चालाकी से उसकी सोने की चूड़ियां उतरवा लीं और वारदात को अंजाम देने के बाद महिला को संजय सेतु ब्रिज पर उतारकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिला के अनुसार, वह अपने काम से जा रही थी तभी एक ऑटो में सवार चार लोगों ने उसे भरोसे में लिया। बातचीत के दौरान ठगों ने खुद को मददगार बताकर बातों में उलझाया और किसी बहाने महिला की दोनों हाथों की सोने की चूड़ियां उतरवा लीं। जब तक महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी उसे संजय सेतु ब्रिज पर छोड़कर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही रावजी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।







