कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब अपनी जिंदगी के उन पहलुओं से पर्दा उठाने जा रही हैं, जिन पर उन्होंने लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से खुलकर बात नहीं की। उनकी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को लॉन्च होने जा रही है। इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, राजीव गांधी के साथ प्रेम कहानी और भारतीय राजनीति में अपने लंबे सफर को शब्दों में बयां किया है।
‘द हिंदू’ को दिए इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने इटली से भारत आने के बाद बदली जिंदगी, गांधी परिवार के साथ अपने अनुभव और देश की राजनीति पर खुलकर विचार रखे।
सोनिया गांधी ने कहा कि भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सोच बिल्कुल अलग है। उन्होंने पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को हुए नुकसान पर चिंता जताई। साथ ही उम्मीद जाहिर की कि देश की जनता एक बार फिर सुशासन की वापसी का स्वागत करेगी।
सोनिया ने 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले, आपातकाल और कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला, जिसने उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन को आकार दिया।
अपने निजी जीवन का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने एक भावुक बात कही। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी से पहली मुलाकात को करीब 60 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वह खुद को वही पुराना इंसान मानती हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब वह पहले की तरह ज्यादा नहीं हंसतीं।
सोनिया गांधी की यह किताब सिर्फ एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि प्रेम, परिवार, संघर्ष, जिम्मेदारी और भारतीय राजनीति के उतार-चढ़ाव की कहानी भी मानी जा रही है।
अब सबकी नजर 10 नवंबर को होने वाले किताब के लॉन्च पर है, जहां सोनिया गांधी की जिंदगी और राजनीति से जुड़े कई अनकहे पहलुओं को जानने का मौका मिलेगा।







