मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में दौरा टाले जाने की वजह सिर्फ “अपरिहार्य कारण” बताई गई है। साथ ही कहा गया है कि दौरे की नई तारीख बाद में अलग से बताई जाएगी।
इस दो दिवसीय दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दौरे की अवधि के लिए राज्य अतिथि का दर्जा भी दिया गया था और उनके लिए जरूरी प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं करने के निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन दौरे से ठीक पहले कार्यक्रम स्थगित होने से तैयारियां फिलहाल रोक दी गई हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को छत्तीसगढ़ के अलग-अलग प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा करना था। इनमें दंतेवाड़ा का प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर का चर्चित चित्रकोट वॉटरफॉल और कवर्धा जिले का ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर शामिल था। इन स्थानों के दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां की जा रही थीं।
हालांकि, दौरा स्थगित करने के पीछे निर्वाचन आयोग ने किसी विशेष कारण का आधिकारिक तौर पर उल्लेख नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्य चुनाव आयुक्त और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का नया दौरा कब होगा।
गौर करने वाली बात यह भी है कि ज्ञानेश कुमार का यह दौरा ऐसे समय में टला है, जब दिल्ली में चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। हालांकि, छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित करने के आधिकारिक पत्र में इन घटनाक्रमों को वजह नहीं बताया गया है।
अब सभी की नजरें चुनाव आयोग की ओर से घोषित होने वाली नई तारीख पर रहेंगी। फिलहाल 7 और 8 अक्टूबर का प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित है और नई तारीख की आधिकारिक सूचना का इंतजार किया जा रहा है।




