मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले चार दिनों तक कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में इसका असर ज्यादा देखने को मिलने की संभावना है।
हालांकि प्रदेश के इंदौर और भोपाल समेत पश्चिमी हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। यहां दिन के समय तेज धूप खिल सकती है, जिससे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। वहीं रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंडक महसूस हो रही है।
रात के तापमान की बात करें तो इंदौर में सबसे कम 17.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बैतूल में 17.5, छिंदवाड़ा में 17.6, पचमढ़ी में 18 और अमरकंटक में 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
गौर करने वाली बात यह है कि मध्य प्रदेश से मानसून 3 अक्टूबर को ही विदा हो चुका है, लेकिन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों में अक्टूबर के दौरान बारिश, गर्मी और ठंड—तीनों का मिला-जुला असर देखने को मिलता रहा है। इस बार भी मौसम का यही ट्रेंड जारी रहने का अनुमान है।
यानी आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश, तो कुछ इलाकों में तेज धूप और रात में ठंडक—तीनों का असर एक साथ देखने को मिल सकता है।




