धार जिले के बदनावर से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी और उनकी एक बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि परिवार बाइक से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद परिवार के सदस्य सड़क पर जा गिरे और ट्राले की चपेट में आ गए।
हादसे में परिवार की 11 साल की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने लेबड़-नयागांव फोरलेन पर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को उचित सहायता दी जाए।
चक्काजाम के कारण फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद भी ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। आखिरकार एसडीएम द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल किया जा सका।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद की जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




