आंध्र प्रदेश के तिरुपति से इस वक्त एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। श्री सिटी इलाके में स्थित एक फॉर्मा कंपनी में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। हादसे में 5 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सत्यवेडु मंडल में स्थित फॉर्मा कंपनी में अचानक बॉयलर में विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल 10 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन और राहत टीमों की ओर से प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर फॉर्मा कंपनी में बॉयलर कैसे फटा? धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। कंपनी में सुरक्षा मानकों और हादसे के संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य को पूरा करना है। हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।




