अक्टूबर में भोपाल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे के अलग-अलग इंफ्रास्ट्रक्चर और रीमॉडलिंग कार्यों के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। बीना-आगासौद यार्ड रीमॉडलिंग, बीना स्टेशन पर प्री-एनआई और एनआई कार्य, कसारा में तीसरी रेल लाइन तथा कोटा जंक्शन पर निर्माण कार्य के चलते ट्रेनों के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है।
रेलवे के मुताबिक अक्टूबर महीने में भोपाल मंडल से गुजरने वाली 22 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, जबकि 23 ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे और 2 ट्रेनें आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी। इसके अलावा दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के कुल 12 फेरे भी रद्द किए गए हैं।
पूरी तरह निरस्त ट्रेनों में ललितपुर-बीना और बीना-ललितपुर मेमू, बीना-कटनी मुड़वारा मेमू, कटनी मुड़वारा-बीना मेमू और बीना-रूठियाई व रूठियाई-बीना मेमू शामिल हैं। इन सेवाओं पर 15 और 16 अक्टूबर तक असर रहेगा।
जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं के फेरे भी प्रभावित रहेंगे। वहीं भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी को भी 15 अक्टूबर तक निरस्त किया गया है।
इसके अलावा भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस के फेरे 9 से 15 अक्टूबर और दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस के फेरे 10 से 16 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगे। भोपाल-खजुराहो और खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस भी 15 अक्टूबर को निरस्त रहेगी।
कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के निर्धारित दिनों के फेरे भी रद्द किए गए हैं, जिनमें ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस, बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल-मदुरै स्पेशल और मदुरै-कानपुर सेंट्रल स्पेशल शामिल हैं। प्रयागराज-यशवंतपुर और यशवंतपुर-प्रयागराज स्पेशल के भी कुछ फेरे निरस्त रहेंगे।
ऐसे में अक्टूबर में यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन का नंबर, तारीख और रूट जरूर जांच लेना चाहिए, ताकि कैंसिलेशन या बदलाव के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सके।




