बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब कई राज्यों में साफ दिखाई देने लगा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात में रविवार दोपहर से मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया।
गुजरात के जूनागढ़ में भारी बारिश के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। गिरनार वन क्षेत्र में आत्मेश्वर महादेव मंदिर जाने वाली सड़क पर पानी का बहाव बेहद तेज हो गया। इसी दौरान इंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे बच्चों समेत करीब 40 लोग तेज बहाव के बीच फंस गए।
बारिश के कारण गिरनार पर्वत से गिरने वाले झरने में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उधर, केरल में भी भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कोट्टाप्पुझा नदी में बाढ़ के दौरान कई पर्यटकों के बहने की खबर सामने आई है। वहीं उत्तर प्रदेश के महोबा में भी लगातार बारिश के चलते छह डैम ओवरफ्लो हो गए हैं।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ओडिशा, तेलंगाना और कर्नाटक में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने नदी, झरने और जलभराव वाले इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों को तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।




