दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में हुई भारी देरी के बाद यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की दो फ्लाइटें 24 घंटे से ज्यादा लेट होने से करीब 200 यात्री परेशान हो गए। मंगलवार को यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के अंदर जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और एयरलाइन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दरअसल, कई यात्री सोमवार से ही अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि बिना कोई स्पष्ट कारण बताए दोनों फ्लाइट का शेड्यूल बार-बार बदला जाता रहा। लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को समय पर उड़ान नहीं मिल सकी और मंगलवार दोपहर तक दोनों फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाईं।
इनमें पहली फ्लाइट SG 5111 थी, जिसे सोमवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली से रवाना होकर सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर दुबई पहुंचना था। वहीं दूसरी फ्लाइट SG 5105 को सोमवार रात 10 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरनी थी और रात 12 बजकर 55 मिनट पर दुबई पहुंचना था।
लंबे इंतजार और लगातार बदलते शेड्यूल से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट के अंदर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और समय पर उड़ान नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई।
सबसे बड़ी बात यह है कि समय पर उड़ान भरने के मामले में स्पाइसजेट का प्रदर्शन इस साल दूसरी बड़ी एयरलाइंस की तुलना में काफी खराब रहा है। जुलाई में स्पाइसजेट की सिर्फ 34.5 प्रतिशत उड़ानें ही समय पर संचालित हुईं।
अब सवाल यह है कि यात्रियों को घंटों इंतजार क्यों करना पड़ा और उड़ानों के शेड्यूल में बार-बार बदलाव की वजह क्या थी? फिलहाल इस पूरे मामले ने एयरलाइन की समयबद्धता और यात्रियों को दी जा रही जानकारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




