सतना में कॉलेज की एक छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि साथ पढ़ने वाली दो छात्राओं और उनकी दो सहेलियों ने छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर लात-घूंसों और डंडे से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता को एक छात्र पहले WhatsApp पर परेशान करता था। छात्रा ने उसे फटकार लगाई और उसके साथ रिलेशनशिप में आने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने दोस्त के साथ संबंध बनाने के लिए पीड़िता पर दबाव बनाया।
जब छात्रा नहीं मानी तो 6 अगस्त को बहाने से उसे स्कूटर पर बैठाकर पहले इधर-उधर घुमाया गया। इसके बाद रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर उसे नगर वन के सामने सुनसान जगह ले जाया गया, जहां तीन अन्य लड़कियां पहले से मौजूद थीं।
आरोप है कि चारों ने छात्रा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक लड़की ने डंडे से उसके कान और आंख के आसपास वार किया, जबकि बाकी लड़कियों ने लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान छात्रा को गालियां देने और धमकाने का भी आरोप है।
मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि छात्रा को वीडियो कॉल के जरिए उस छात्र से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया और उस पर उसकी बात मानने का दबाव बनाया गया। जब छात्रा ने रिलेशनशिप के लिए हामी भर दी, तब उसे सेमरिया चौराहे पर छोड़ दिया गया।
घटना के बाद डर की वजह से छात्रा ने करीब 38 दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया। इसी बीच मारपीट का वीडियो एक स्थानीय रिश्तेदार के पास पहुंचा। पूछताछ के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और मामला पुलिस तक पहुंचा।
पीड़िता की शिकायत के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने 12 सितंबर को मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया है। अब पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रही घटना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




