इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित युवा कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने युवाओं के बीच बड़ी पहुंच का दावा किया है।
कांग्रेस के मुताबिक, महज 24 घंटे में 50 हजार से ज्यादा युवाओं ने कार्यक्रम के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। पार्टी का दावा है कि अब तक कुल डेढ़ लाख से अधिक युवा इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
रजिस्ट्रेशन के इस आंकड़े को कांग्रेस ने युवाओं के बढ़ते उत्साह और कार्यक्रम के प्रति उनकी दिलचस्पी का संकेत बताया है। इसी खुशी में बुधवार शाम इंदौर के परदेशीपुरा चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा भी मौके पर मौजूद रहे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों को लेकर उत्साह जताया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों का पंजीयन केवल एक संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की सोच और उनकी नाराजगी को दिखाता है। पार्टी ने दावा किया कि युवाओं में सरकार को लेकर असंतोष बढ़ रहा है और यही वजह है कि वे बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं।
कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं के जुड़ने से प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ गई है और भाजपा के भीतर भी इसे लेकर चिंता दिखाई दे रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 19 सितंबर को राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं की यह ऑनलाइन भागीदारी जमीन पर कितनी बड़ी भीड़ में बदलती है। फिलहाल, रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों ने इंदौर की राजनीति में एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।




