कानपुर में एक करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया है। 63 वर्षीय विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी 36 वर्षीय बहू शालू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे परिवार के भीतर चल रहा तनाव और पैसों को लेकर विवाद सामने आया है।
जांच में सामने आया कि शालू ने अपने ही घर के नौकर विशाल को छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। आरोप है कि हत्या की रात विशाल बेडरूम में छिपकर बैठा रहा और मौका मिलते ही विनीत मिनोचा पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी पर 26 बार चाकू से वार किए गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शालू कथित तौर पर पूरी वारदात के दौरान फोन के जरिए विशाल को गाइड करती रही। पुलिस ने जब कॉल डिटेल खंगाली तो हत्या वाली रात दोनों के बीच 14 बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई।
हत्या के बाद शालू ने शक से बचने के लिए ऐसा व्यवहार किया, जिससे शुरुआत में पुलिस भी उलझी रही। वह रोती रही और खुद को परिवार के दुख में डूबी हुई दिखाती रही। लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शक की सुई उसी की तरफ घूमती गई।
पूछताछ में शालू ने कथित तौर पर बताया कि करोड़पति परिवार की बहू होने के बावजूद उसके खर्चों पर ससुर का पूरा नियंत्रण था। छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी उसे पैसे मांगने पड़ते थे। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रचने का फैसला किया।
फिलहाल पुलिस ने शालू को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पति सुब्रत से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पति की हत्या में सीधी भूमिका सामने नहीं आई है।
अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि छह लाख की सुपारी, कॉल रिकॉर्ड और हत्या की पूरी प्लानिंग के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे।




