भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन अब सड़क तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च निकालने की तैयारी कर रहे इंटर्न डॉक्टरों को पुलिस ने हमीदिया अस्पताल परिसर में ही रोक दिया।
इंटर्न डॉक्टरों ने हमीदिया अस्पताल के गेट नंबर-1 से मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने का ऐलान किया था। लेकिन पुलिस ने अस्पताल के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ रिजर्व पुलिस फोर्स, पुलिस वाहन और वाटर कैनन भी तैनात किए गए हैं।
मार्च रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एसडीएम समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से अपने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि करीब डेढ़ महीने पहले स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इसका लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है।
इसी नाराजगी के चलते डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री निवास तक मार्च निकालने का फैसला किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें हमीदिया परिसर से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
फिलहाल हमीदिया अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। अब देखना होगा कि सरकार और इंटर्न डॉक्टरों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होता है।




