मध्यप्रदेश के सागर जिले से सामने आई जहरीली शराब की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जहरीली शराब पीने के बाद अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में पिता और बेटा भी शामिल हैं, जबकि 112 लोग गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैं।
बीमार लोगों को सागर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ मरीजों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर भी दबाव बढ़ गया है।
सोमवार सुबह तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें 55 वर्षीय महेश रावत, 50 वर्षीय श्याम बाई अहिरवार और कृष्ण कुमार लोधी शामिल हैं। इससे पहले भोपाल एयरलिफ्ट किए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार देर रात मौत हो गई थी। इससे एक दिन पहले ही उनके पिता गोविंद लोधी ने भी दम तोड़ दिया था।
एक ही परिवार में पिता और बेटे की मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, राम प्रसाद के छोटे भाई भूरे लोधी का सागर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शराब बेचने वाले ठेकेदार समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जहरीली शराब लोगों तक कैसे पहुंची और इस पूरे मामले के पीछे कौन जिम्मेदार है? प्रशासन की जांच में इन सवालों के जवाब सामने आने का इंतजार है।




