मध्य प्रदेश के रीवा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोठी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और 15 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सुनैना मिश्रा और उनकी 15 वर्षीय बेटी खुशी मिश्रा के रूप में हुई है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर आरोपी ने दोनों पर मूसल से हमला कर दिया। हमले में मां-बेटी के सिर, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि हमला इतना निर्मम था कि दोनों देर रात तक लहूलुहान हालत में तड़पती रहीं। घर के अंदर फर्श और आसपास खून बिखरा मिला। घटना के बाद मौके का मंजर देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि डबल मर्डर से पहले आरोपी ने अपने भाई को फोन किया था और कहा था कि घर आ जाओ। इसके बाद जब भाई मौके पर पहुंचा तो घर में मां और बेटी की लहूलुहान लाशें पड़ी थीं।
सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर विवाद इतना बढ़ा कैसे और हत्या की पूरी वारदात किस तरह अंजाम दी गई।
रीवा की इस घटना ने एक बार फिर घरेलू और जमीन विवाद से उपजने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।




