दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
भारी बारिश का असर दिल्ली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी साफ दिखाई दिया। एयरपोर्ट परिसर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के चलते अहमदाबाद, मुंबई और पोर्ट ब्लेयर से दिल्ली आने वाली उड़ानें भी देरी से पहुंचीं। यानी आसमान से बरसी आफत ने सड़क से लेकर एयर ट्रैफिक तक, हर मोर्चे पर मुश्किल बढ़ा दी।
अब बात उत्तर प्रदेश की, जहां लगातार बारिश के बाद 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी और चित्रकूट सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और अब तक 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
वहीं मध्य प्रदेश में भी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। मंदाकिनी और नर्मदा नदी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मोरडूंगरी में एक युवक के बह जाने की खबर है।
जबलपुर के ग्वारीघाट से भी सामने आया हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पेट्रोलिंग के लिए गई होमगार्ड्स की मोटरबोट ही नदी में डूब गई। इस घटना ने राहत और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में दिल्ली से लेकर यूपी और मध्य प्रदेश तक मौसम का मिजाज बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन अलर्ट पर है और लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है।




