कटनी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बहुचर्चित जमीन सौदे, पद के कथित दुरुपयोग और फर्जीवाड़े के मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका पर आज शनिवार को एडीजे कोर्ट में सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों ने अदालत के सामने अपनी दलीलें रखी थीं, लेकिन बहस पूरी नहीं हो सकी थी। ऐसे में आज होने वाली सुनवाई को बेहद अहम माना जा रहा है।
अदालत में शेष बहस पूरी होने के बाद नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला आने की संभावना है। वहीं, इस पूरे मामले में नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी भी आरोपी बनाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुठला थाने में मामला दर्ज होने के बाद से तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT की टीम लगातार तलाश में जुटी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
मामले की जांच में पद के कथित दुरुपयोग और हत्या के आरोपी रमेश लोधी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप भी सामने आए हैं। आरोप है कि नियमों का पालन नहीं करते हुए करीब 90 दिनों तक अदालत में चार्जशीट पेश नहीं की गई, जिससे हत्या के आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिलने की स्थिति बनी।
अब सबकी नजरें आज की अदालत की सुनवाई पर टिकी हैं। क्या निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को अग्रिम जमानत मिलेगी, या SIT की गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ेगी—इसका जवाब अदालत के फैसले के बाद ही सामने आएगा।







