रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की खुशियों से पहले एक परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ा, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुरुवार शाम भैरव बाबा मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के दादा और उनकी दो मासूम पोतियों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू अपनी दो पोतियों 4 वर्षीय शिवी और 5 वर्षीय शक्ति के साथ स्कूटी से रक्षाबंधन की खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भैरव बाबा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मासूम शिवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं शक्ति और उनके दादा विंध्यवासिनी तिवारी की हालत बेहद गंभीर थी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
वहीं बाइक पर सवार 22 वर्षीय पंकज सिंह, निवासी मझौली, सीधी भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान पंकज ने भी दम तोड़ दिया।
एक तरफ परिवार रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटा था, तो दूसरी तरफ कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। जिन मासूम पोतियों के लिए रक्षाबंधन का त्योहार खुशियां लेकर आने वाला था, वही त्योहार अब परिवार के लिए कभी न भूल पाने वाला दर्द बन गया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर लापरवाही के खतरे को सामने ला दिया है। भैरव बाबा मोड़ पर हुई इस भीषण दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।







