उत्तर प्रदेश के शामली से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 32 वर्षीय यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अंकित जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच गोलियां अंकित के सिर और पेट में लगीं। गोली लगते ही अंकित सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
अंकित की हत्या से गुस्साए लोगों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आई, जब अंकित की मां अपने बेटे की लाश को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। मौके पर मौजूद लोगों में भी गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
अंकित बालियान हरियाणवी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके थे। उनके गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ ने उन्हें काफी लोकप्रिय बनाया था। साल 2023 में शामली में निकाला गया उनका रोड शो भी चर्चा में रहा था।
बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। अब पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अंकित की हत्या के पीछे कौन था और इस सनसनीखेज वारदात की वजह क्या थी?







