कटनी हत्याकांड में कथित सौदेबाजी के गंभीर आरोपों की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को जबलपुर से कटनी पहुंची विशेष जांच टीम यानी SIT ने जिला जेल में बंद मुख्य आरोपियों से घंटों पूछताछ की।
जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी के नेतृत्व में SIT ने न्यायालय की अनुमति के बाद हत्या के आरोपी आकाश लोधी और रमेश लोधी के बयान दर्ज किए। अब जांच टीम इन बयानों का मिलान मामले में सामने आए आरोपों, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों से करेगी। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि हत्या के मामले में कथित सौदेबाजी की बातों में कितनी सच्चाई है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
वहीं, इस पूरे मामले में नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत पर आज सुनवाई होनी है। ऐसे में कोर्ट की कार्यवाही पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
इधर, पिछले चार दिनों से सीलबंद तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के कार्यालय को मंगलवार को SIT की मौजूदगी में खोला जाएगा। कार्यालय में मौजूद फाइलों, रजिस्टरों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच की जाएगी।
SIT यह भी खंगालेगी कि हत्या के मामले या कथित जमीन सौदे से जुड़ा कोई पत्राचार, दस्तावेज या विभागीय रिकॉर्ड कार्यालय में मौजूद है या नहीं। अगर जांच के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री मिलती है, तो उसे जब्त कर आगे की विवेचना में शामिल किया जाएगा।
यानी अब कटनी हत्याकांड में पूछताछ, दस्तावेजों की जांच और जमानत की सुनवाई तीनों मोर्चों पर कार्रवाई तेज हो गई है। SIT की जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।







