मुंबई में गणेश प्रतिमा स्थापना से पहले बड़ा हादसा, भुलेश्वर इलाके में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच और सात साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।
भुलेश्वर में शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा उस वक्त हुआ, जब लालबाग से गणेश प्रतिमा को भुलेश्वर स्थित पंडाल तक ले जाया जा रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगाया गया वेल्डिंग सपोर्ट अचानक टूट गया।
सपोर्ट टूटते ही 22 फीट ऊंची प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते मूर्ति आगे की तरफ लोगों पर जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गिरने के बाद विशाल गणेश प्रतिमा तीन हिस्सों में टूट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और BMC की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
हालांकि इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं पांच घायलों का इलाज जारी है, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।
इस हादसे ने गणेश प्रतिमा को ले जाने और स्थापित करने के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी प्रतिमा के लिए लगाए गए सपोर्ट सिस्टम की मजबूती और सुरक्षा मानकों की जांच अब अहम मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट यानी ADR दर्ज कर ली है। हादसा आखिर किस स्तर की लापरवाही से हुआ और वेल्डिंग सपोर्ट क्यों टूटा, इसकी जांच की जा रही है।







