गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से हुई 9 लोगों की मौत के मामले में अब मध्यप्रदेश कनेक्शन सामने आया है। गुजरात पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रईस को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि रईस की ससुराल भोपाल के करोंद इलाके में है और उसके मध्यप्रदेश से जुड़े संपर्कों की लगातार पड़ताल की जा रही थी।
मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मुरैना के नरेंद्र यादव उर्फ ‘डॉक्टर’ का नाम भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक नरेंद्र अवैध शराब बनाने में माहिर था और रईस उसकी इस विशेषज्ञता से अच्छी तरह परिचित था। इसी वजह से रईस ने नरेंद्र को गुजरात बुलाया था।
गुजरात पहुंचने के बाद रईस और नरेंद्र ने भावनगर के शराब तस्कर गौतम सोलंकी के साथ मिलकर कथित तौर पर जहरीली शराब तैयार की। जांच एजेंसियों के अनुसार, नरेंद्र और उसके साथियों की मौजूदगी में करीब 25 पेटियां शराब बनाई गई थीं।
आरोप है कि इसी शराब को पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते 9 लोगों की मौत हो गई। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस शराब को बनाने में नरेंद्र की भूमिका बताई जा रही है, वही शराब उसकी मौत का कारण भी बन गई।
अब गुजरात पुलिस गिरफ्तार किए गए रईस से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि जहरीली शराब तैयार करने से लेकर उसकी सप्लाई तक कौन-कौन लोग शामिल थे और मध्यप्रदेश से इस पूरे नेटवर्क के तार कितनी दूर तक जुड़े हैं।
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है और इस मामले में आने वाले दिनों में कई और खुलासे होने की उम्मीद है।







