टीकमगढ़ में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को टीकमगढ़-सागर हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध आइसर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। नरोसा नाला के पास रोके गए इस ट्रक में शराब को बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक के केबिन में विशेष रूप से बनाई गई जगह से कुल 281 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह शराब ग्वालियर से जबलपुर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और ट्रक में शराब छिपाने के तरीके को लेकर पूछताछ की जा रही है।
बड़ागांव पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि शराब को ट्रक में बनी विशेष जगह के अंदर छिपाया गया था, ताकि सामान्य चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर से बचाया जा सके।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लोड की गई थी और इसे जबलपुर में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल ट्रक और शराब को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार ड्राइवर-क्लीनर से पूछताछ जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए हाईवे पर चेकिंग और निगरानी लगातार जारी है।







