दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले पुलिस और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम की सख्ती ने एक बड़ा खुलासा किया है। जिले में चल रही सघन वाहन चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 36 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी रकम चुनावी माहौल में कहां ले जाई जा रही थी और इसका मकसद क्या था? इसी सवाल का जवाब तलाशने में अब जांच एजेंसियां जुट गई हैं।
पहली कार्रवाई गोराघाट चेकिंग पॉइंट पर हुई, जहां एमपी-09-ZD-9082 नंबर की स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर 21 लाख 19 हजार रुपये नकद मिले। मौके पर ही पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर पूरी रकम की गिनती कराई और नकदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
वहीं दूसरी कार्रवाई सेवढ़ा चुंगी क्षेत्र में उस समय हुई, जब पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल स्वयं वाहन चेकिंग का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान एक होंडा अमेज कार की तलाशी में 15 लाख रुपये नकद बरामद हुए। वाहन को देहात थाना परिसर में खड़ा कराया गया और नकदी की गिनती के बाद उसके वैध दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में मौके पर नकदी से संबंधित संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अब वाहन चालक और मालिक से रकम के स्रोत, उसके उपयोग और परिवहन के उद्देश्य को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। फ्लाइंग स्क्वॉड टीम भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि नकदी के संबंध में वैध और संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं किए गए, तो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में इस भारी नकदी का असली राज क्या सामने आता है।







