मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां चरित्र पर शक ने ऐसा बवाल खड़ा किया कि एक जीजा को उसके ही ससुराल वालों ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट डाला। बेल्ट, डंडों और पट्टों से की गई इस पिटाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है।
घटना मुरैना के सिहोनिया थाना क्षेत्र के भिडौसा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, कीचोल निवासी नंदकिशोर (बदला हुआ नाम) अपनी ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान उसके दो साले, मोनू वाल्मीकि और गोलू वाल्मीकि ने उस पर अपनी छोटी बहन यानी नंदकिशोर की साली को घुमाने के बहाने ले जाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। आरोपों के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले जीजा को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाए और बेल्ट, डंडों व पट्टों से लगातार उसकी पिटाई की। इस दौरान पीड़ित रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में पुलिस के हाथ लगा।
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह सिहोनिया थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से पिटाई के वीडियो भी मिले हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोप या विवाद का फैसला कानून करेगा, न कि हिंसा। मुरैना की यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि आखिर रिश्तों में बढ़ता अविश्वास कब तक कानून और इंसानियत पर भारी पड़ता रहेगा।







