पंजाब की चर्चित इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ‘भाभी चुम्मेवाली’ उर्फ रंजीत कौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। धार्मिक भावनाएं आहत करने और कथित अश्लील कंटेंट पोस्ट करने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब रंजीत कौर ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर अपने विरोधियों को खुली चुनौती दी है। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्होंने साफ कहा कि वह न तो फरार हुई हैं और न ही कहीं छिपी हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर विवाद एक बार फिर तेज हो गया है।
रंजीत कौर अपने पति जिंदा हंस के साथ वीडियो में नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत से जमानत मिल चुकी है और जो लोग उनके फरार होने की अफवाह फैला रहे हैं, वे इसे साबित करके दिखाएं। वीडियो में उन्होंने इशारों-इशारों में एफआईआर कराने वाले निहंग पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि उन्होंने कोई हत्या नहीं की, बल्कि उन्हें केवल एक मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, लुधियाना में रंजीत कौर और उनके पति के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत एक निहंग की ओर से दी गई थी। आरोप लगाया गया कि रंजीत कौर इंस्टाग्राम पर कथित रूप से अश्लील वीडियो साझा करती हैं और आपत्तिजनक कपड़ों व कंटेंट के जरिए समाज में गलत संदेश देती हैं।
अब कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रंजीत कौर के ताजा वीडियो ने इस पूरे विवाद को नई हवा दे दी है। एक तरफ उनके समर्थक इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं, तो दूसरी ओर विरोधी उनके कंटेंट पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।







