मध्य पूर्व में तनाव अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। ईरान ने दावा किया है कि उसने कतर, कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है। ईरानी सेना के अनुसार इन हमलों में कुवैत के पैट्रियट मिसाइल सिस्टम, कतर के अर्ली वॉर्निंग सिस्टम और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ईंधन भंडार को निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया और कई अहम सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा।
वहीं दूसरी ओर अमेरिका ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने दावा किया है कि उसने लगातार दूसरे दिन ईरान के करीब 90 सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इन हमलों के बाद ईरान के अहवाज इलाके में कम से कम तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई स्थानों पर भारी तबाही की सूचना मिल रही है।
ईरानी सेना ने साफ कहा है कि अमेरिकी हमलों का जवाब लगातार दिया जाएगा और अगर कार्रवाई जारी रही तो उसके जवाब भी और अधिक तीखे होंगे। उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्हें इस बात का भरोसा नहीं है कि तेहरान किसी भी समझौते का ईमानदारी से पालन करेगा।
इन घटनाओं के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी हलचल बढ़ गई है और दुनिया की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या यह टकराव सीमित रहेगा या फिर मध्य पूर्व एक बड़े युद्ध की ओर बढ़ रहा है।
फिलहाल दोनों देशों के दावे और जवाबी कार्रवाई ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। आने वाले घंटे इस संघर्ष की दिशा तय कर सकते हैं। हर बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।







