दो दिन नहीं, बल्कि पूरे तीन दिन से पांढुर्णा के तीन शेर चौक स्थित करीब 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर बैठा एक शख्स प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। लगातार बारिश, तेज हवाओं और ठंड के बावजूद वह टावर के सबसे ऊपरी हिस्से से नीचे उतरने को तैयार नहीं है। बुधवार सुबह ड्रोन कैमरे से उसकी पहली साफ तस्वीर सामने आई, जिसमें वह गमछे से खुद को ढंककर मौसम की मार से बचने की कोशिश करता दिखाई दिया।
घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे शुरू हुई थी, जब युवक अचानक टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पिछले तीन दिनों से लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने उससे हिंदी, मराठी और स्थानीय भाषा सहित तीन भाषाओं में बातचीत कर नीचे आने की अपील की, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
हालात तब और मुश्किल हो गए, जब दो बार प्रशिक्षित रेस्क्यू एक्सपर्ट टावर पर चढ़कर उसके पास पहुंचे। लेकिन युवक ने सहयोग करने के बजाय उन पर हमला करने की कोशिश की। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए दोनों एक्सपर्ट को तुरंत वापस नीचे बुला लिया गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ड्रोन कैमरों से उसकी हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षित रेस्क्यू की नई रणनीति तैयार की जा रही है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि लगातार खराब मौसम और इतनी अधिक ऊंचाई पर बैठे रहने से युवक की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारना है, जबकि इलाके में लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी रखी गई है।







