राजगढ़ जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। चरित्र शंका में एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद उसने पत्नी के शव को घर के दीवान में छिपा दिया और उसी दीवान पर बिस्तर लगाकर पूरी रात सोता रहा। सुबह जब परिजनों ने महिला के बारे में पूछा तो आरोपी पति ने उसके लापता होने की झूठी कहानी सुनाकर सभी को गुमराह करने की कोशिश की।
मामला राजगढ़ के शंकरपुरा क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय हीना खराड़ी सोमवार रात से घर में दिखाई नहीं दी। परिजनों को पति कमलेश खराड़ी के जवाबों पर शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। उसके संदिग्ध व्यवहार के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो दीवान के अंदर महिला का शव बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि चरित्र शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। शराब के नशे में उसने पत्नी का गला घोंट दिया और सबूत छिपाने के लिए शव को दीवान में रख दिया। घटना के समय दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा घर पर नहीं थे, वे अपनी बुआ के घर गए हुए थे।
परिजनों के मुताबिक दोनों ने करीब दस साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कमलेश शराब की लत का शिकार हो गया था। इसी वजह से घर में आए दिन झगड़े होते थे। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर लगातार विवाद बढ़ता गया और आखिरकार यह शक एक खौफनाक हत्या में बदल गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि अविश्वास, नशे की लत और घरेलू हिंसा किस तरह पूरे परिवार को बर्बाद कर सकती है।







