देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी गुरुवार शाम विशेष विमान से बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया और पूरे मंदिर परिसर का दर्शन कराया।
मुलाकात के दौरान एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फोटो सेशन के समय अनंत अंबानी ने मुस्कुराते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हाथ पकड़कर अपने पास खींच लिया। इसी दौरान उन्होंने हंसते हुए कहा, “आपने आने के लिए कहा था, तो मैं आ गया।” यह दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कैमरों में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के पावन दर्शन कराए। उन्होंने बागेश्वर धाम की परंपराओं, आध्यात्मिक महत्व और यहां की धार्मिक मान्यताओं के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।
अनंत अंबानी ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बालाजी की महाआरती में भी भाग लिया। पूरे दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
अनंत अंबानी की इस यात्रा को श्रद्धा और आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ उनकी आत्मीय बातचीत और सहज व्यवहार ने इस मुलाकात को और भी खास बना दिया। अब इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, बागेश्वर धाम से सामने आई ये तस्वीरें और वीडियो देशभर में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं।







