मध्य प्रदेश के शहरी परिवहन में जुलाई से एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब इंदौर, भोपाल और जबलपुर की सड़कों पर आधुनिक पीएम-ई बस सेवा शुरू होगी। सबसे पहले इंदौर में इस सेवा की शुरुआत होगी, जहां पहले चरण में 8 रूटों पर 150 इलेक्ट्रिक एसी बसें दौड़ेंगी। इसके बाद भोपाल के 10 रूटों और जबलपुर में भी 100-100 ई-बसें शुरू की जाएंगी। सरकार का दावा है कि ये बसें शहरों में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सफर का अनुभव देंगी।
पीएम-ई बस सेवा के तहत चलने वाली 25-सीटर वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। बसों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और आरामदायक सीटों जैसी सुविधाएं होंगी। टिकट की व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसके लिए यात्रियों को ‘चलो ऐप’ का इस्तेमाल करना होगा। संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ग्रीन सेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। पहले चरण के बाद ग्वालियर, उज्जैन और सागर में भी यह सेवा शुरू की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।







