अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब यह मामला सीधे सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए याचिका दायर की गई, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने साफ कहा कि इसमें इतनी जल्दबाजी क्यों है, छुट्टियां खत्म होने के बाद ही इस पर सुनवाई होगी।
उधर, अयोध्या पुलिस ने जांच की रफ्तार और तेज कर दी है। सोमवार सुबह पुलिस की टीम जेल में बंद सभी आठ आरोपियों के बैंक खातों की जांच करने के लिए एसबीआई समेत कई बैंक शाखाओं में पहुंची। करीब आधे घंटे तक खातों की पड़ताल की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का पैसा किन खातों में पहुंचा और उसका इस्तेमाल कहां किया गया।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां राम मंदिर ट्रस्ट के लॉकर से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर सकती हैं, ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
आज सभी आठ आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अदालत से उनकी रिमांड मांगेगी, ताकि गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि यह चोरी कब से चल रही थी, इसमें और कौन-कौन शामिल था और पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था।
इससे पहले रविवार को पुलिस की आठ अलग-अलग टीमों ने आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से निवेश से जुड़े दस्तावेज, आभूषण और नकदी बरामद हुई, जबकि आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर से एक अहम डायरी मिली है। पुलिस को उम्मीद है कि यही डायरी इस पूरे चढ़ावा चोरी कांड के कई बड़े राज खोल सकती है।
अब सभी की नजर कोर्ट की कार्रवाई और पुलिस की रिमांड पर टिकी है, क्योंकि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।







