रतलाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद की है। इस कार्रवाई में राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान ढोढर पुलिस चौकी और रिंगनोद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति महू-नीमच फोरलेन के रास्ते भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बरखेड़ी फंटा के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के कोटड़ी गांव निवासी 52 वर्षीय यूनुस पिता नियामत खान पठान को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से एक किलो एमडी ड्रग्स बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी से ड्रग्स की सप्लाई चेन और उसके संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस शहर या राज्य में पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
लगातार बढ़ती नशे की तस्करी के बीच रतलाम पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। अब जांच एजेंसियों की नजर पूरे नेटवर्क पर है और उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।







