मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां मुहर्रम का मातमी जुलूस कुछ ही पलों में चीख-पुकार में बदल गया। हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकराने के बाद करंट फैल गया और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
यह हादसा रतलाम जिले के पिपलोदा क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार रात हुआ। जानकारी के अनुसार, मुहर्रम का ताजिया जुलूस पूरे श्रद्धा और मातम के साथ निकाला जा रहा था। जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान ऊंचा ताजिया 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते तेज करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग कुछ समझ पाते उससे पहले कई श्रद्धालु करंट की चपेट में आ चुके थे। हादसे में रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान की मौत हो गई। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल दो मौतों की पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी डॉक्टर ने तीन लोगों के निधन की जानकारी दी है।
घटना में दस से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों सहित सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में अनास, मोइन शाह, रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद, वहीद और इब्राहिम शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पूरे गांव में मातम का माहौल है। प्रशासन घटना की जांच कर रहा है कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और ताजिया हाईटेंशन लाइन तक कैसे पहुंच गया।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई यह दर्दनाक घटना सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।







