मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और वन विभाग दोनों में चर्चा छेड़ दी है। बरौंधा थाना क्षेत्र में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी यानी रेंजर बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपनी ही कॉन्स्टेबल पत्नी भारती उपाध्याय के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
रेंजर का आरोप है कि 16 जून की रात उनकी पत्नी दो अज्ञात लोगों के साथ सरकारी आवास पर पहुंचीं। आरोप के मुताबिक, वहां से महिंद्रा XUV 3XO कार, करीब 2 लाख रुपए नकद और एक आईफोन लेकर चली गईं। घटना के बाद रेंजर ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
इस पूरे मामले को और भी दिलचस्प बनाता है पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद। जानकारी के अनुसार, दोनों के रिश्तों में काफी समय से तनाव है और साल 2025 से रीवा फैमिली कोर्ट में तलाक का मामला भी लंबित है। दोनों अलग-अलग रह रहे हैं और कानूनी लड़ाई पहले से जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की एक वजह रेंजर की कथित गर्लफ्रेंड को लेकर भी बताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों और शिकायतों की जांच कर रही है। सवाल यह है कि क्या यह वास्तव में चोरी का मामला है, या फिर पारिवारिक विवाद का नया अध्याय? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।







