बैतूल के मुलताई से पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। पति-पत्नी के घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम और एक युवक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
वायरल वीडियो में एक आरक्षक युवक को पकड़कर उसकी गर्दन जकड़े हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि युवक के सिर पर पाइप से वार भी किया गया। वीडियो में पीछे से किसी के “मार डाल” कहने की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिससे विवाद और गहरा गया है।
पुलिस का कहना है कि युवक ने शासकीय कार्य में बाधा डाली और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, जिसके चलते उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं युवक और उसकी पत्नी का आरोप है कि पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया और उनके साथ मारपीट की।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। भीमसेना संगठन ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। अब सभी की नजर इस बात पर है कि वायरल वीडियो की जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।







