इंदौर में दूषित पेयजल का संकट एक बार फिर लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। भागीरथपुरा के बाद अब महावीर नगर में पीने के पानी में सीवरेज मिलने की आशंका ने हड़कंप मचा दिया है। गंदा पानी सप्लाई होने से कई परिवार बीमारी की चपेट में आ गए हैं।
जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 10 लोगों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें सामने आई हैं। शुरुआती जांच में क्षेत्र के एकमात्र बोरवेल में सीवरेज का पानी मिलने की संभावना जताई गई है, जिससे दूषित पानी घरों तक पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक संगठनों की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पानी के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं, जबकि इलाके में सफाई, मरम्मत और जल आपूर्ति व्यवस्था की जांच का काम भी शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं। अब सभी की नजर लैब रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।







