मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर और दमोह में ओले गिरने की खबर सामने आई, जबकि भिंड, दतिया, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और मऊगंज समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।
बालाघाट में बुधवार दोपहर अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं सिंगरौली और नरसिंहपुर में धूलभरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जबलपुर में सबसे तेज 74 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। सीधी में 68, सागर में 59 और ग्वालियर में 46 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार दर्ज की गई।
हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। खजुराहो 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 16 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।







