मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बीएससी की टॉपर छात्रा सृष्टि मिश्रा ने कथित प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जहर खाकर अपनी जान दे दी। मौत से पहले छात्रा ने एक भावुक वीडियो बनाया, जिसमें वह रोते हुए कहती नजर आ रही है कि उसे फंसाया गया, ब्लैकमेल किया गया और वीडियो वायरल करने की धमकियां दी गईं।
वीडियो में सृष्टि ने अपनी मौत के लिए बड़कू ठाकुर नाम के युवक को जिम्मेदार ठहराया है। छात्रा का कहना है कि उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी गई और अब वह अपने परिवार को मुंह दिखाने लायक नहीं रही। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
वहीं इस मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है और इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर सृष्टि को मौत जैसा कदम उठाने के लिए किसने मजबूर किया।







